यूपी निर्माण निगम के जीएम एसए शर्मा के आयकर छापे पड़ने के बाद अब परत दर परत उनका भ्रष्टाचार सामने आ रहा है। न केवल उनका करप्शन बल्कि उनके कई सेवादार भी अब आयकर विभाग के रडार पर आ गए हैं। इसके अलावा यूपी निर्माण निगम के कई पूर्व अधिकारियों की आर्थिक कुंडली भी खंगाली जा रही है।
तीन दिन पहले आयकर विभाग की आठ टीमों ने यूपी निर्माण निगम के जीएम शिव आसरे शर्मा और कांट्रेक्टर अमित शर्मा के अलग-अलग ठिकानों पर छापे मारे थे। छापेमारी के बाद जब्त हुए दस्तावेजों की पड़ताल चल रही है। इस बीच जीए एसए शर्मा के सेवादारों की पूरी शिकायत भी आयकर विभाग के पास पहुंची है।
सूत्रों के मुताबिक उनके कई सेवादारों में निगम के जेई से लेकर चपरासी तक शामिल हैं। कई अकाउंट सेक्शन के अधिकारी भी जांच की जद में आ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक यूपी निर्माण निगम में कई ऐसे भी अधिकारी हैं जो कि खुद ही गाड़ियां चलवाते हैं और पैसा कमाते हैं। इसके अलावा यूपी निर्माण निगम के कई रिटायर्ड अधिकारियों की संपत्ति पर भी आयकर विभाग ने फोकस किया है। जल्द ही कई और नई बातें सामने आ सकती हैं।
स्विस बैंक में खाते का शक
यूपी निर्माण निगम के जीएम एसए शर्मा का स्विस बैंक में भी खाता होने का शक है। आयकर विभाग ने इस ओर तफ्तीश शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक अभी तक एसए शर्मा के 700 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति सामने आई है। स्विस खाते से कुछ और सच सामने आएंगे।