I
Iडॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांचI
खनन पट्टे के पूर्व खनन कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसे देखते हुए मृतक का कोरोनेशन अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
बीते बृहस्पतिवार को कालसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कालसी गेट के पास अमलावा नदी के खनन पट्टे की साइट पर संदिग्ध परिस्थितियों में संदीप (30) उर्फ माघू निवासी ग्राम डिंडाल का शव पंखे की कुंडी से लटका मिला था। खनन पट्टे के स्वामी खनन कारोबारी जब दोपहर वहां पहुंचे तो उन्हें साइट पर बने कमरे की खिड़की की जाली कटी हुई दिखी। उन्होंने भीतर झांका तो संदीप का शव पंखें की कुंडी से लटक था। मृतक के अंगुली पर चोट के निशान और फर्श पर खून के धब्बे मिले। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर नमूने एकत्र किए गए। थाना प्रभारी वैभव त्यागी ने बताया कि मौत संदिग्ध है। परिजनों की हत्या की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।