बहुउद्देशीय सहकारी किसान सेवा समिति विकासनगर की पूर्व लेखाकार और उसके बेटे के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने न्यायालय में अभियोजन शिकायत दर्ज कराई है। स्पेशल ईडी कोर्ट ने इस शिकायत का संज्ञान भी ले लिया है। मामले में ईडी ने महिला और उसके बेटे की 3.80 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच भी किया था। मामले में ईडी ने लगभग एक साल तक जांच की थी।
जानकारी के मुताबिक बहुउद्देशीय सहकारी किसान सेवा समिति विकासनगर में वर्ष 2022 के दौरान गबन का मामला सामने आया था। आरोप था कि समिति में तैनात रही लेखाकार भारती देवी ने किसानों के रुपये का गबन किया। इस संबंध में सेवानिवृत्ति के बाद उनके खिलाफ सरकारी रुपये का गबन करने के आरोप में विकासनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने भी इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी। ईडी ने जांच में सभी संपत्तियों का आकलन किया और पिछले साल जनवरी में भारती देवी की 3.80 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अटैच कर लिया।
Uttarakhand: अक्तूबर और नवंबर के बीच होंगे प्रदेश में राष्ट्रीय खेल, मंत्री रेखा आर्या ने ली समीक्षा बैठक
इसके बाद पिछले महीने भी भारती देवी की 63 लाख रुपये की संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। ईडी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार लगभग डेढ़ साल तक चली जांच के बाद अब ईडी ने भारती देवी और उसके बेटे रवि कुमार के खिलाफ कोर्ट में अभियोजन शिकायत भी दर्ज करा दी है। इस शिकायत का स्पेशल कोर्ट ईडी ने संज्ञान ले लिया है। इसके बाद अब अदालत में दोनों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा।