देहरादून। बदलते तकनीकी दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीकों के अनुरूप खुद को तैयार करना युवाओं के लिए बेहद जरूरी है। कौशल विकास, नवाचार और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही भविष्य में सफलता का आधार बनेगी। यह बातें जोहो कॉर्पोरेशन के वाइस प्रेसिडेंट केपी नारायण ने उत्तरांचल विवि में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ पर कहीं।
विवि के उत्तरांचल प्रबंधन संस्थान की ओर से इन्क्लूसिव मैनेजमेंट फॉर रेजिलिएंट बिजनेसेस इन एन एजाइल यूएनएसडीजी इकोसिस्टम विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित की जा रही है। इस दौरान इन्क्लूसिव मैनेजमेंट फॉर बिजनेस पुस्तक का विमोचन भी किया गया। मुख्य वक्ता आईआईएम काशीपुर के प्रो. सफल बत्रा ने 4पी मॉडल (प्रिपेयर, प्रोग्रेस, पर्सिस्टेंस और प्रोबेबिलिटी) के माध्यम से सफलता के लिए तैयारी, निरंतर प्रगति, दृढ़ता और सकारात्मक सोच को महत्वपूर्ण बताया। सारिका पंची ने आधुनिक विज्ञान और आयुर्वेद के समन्वय से सतत विकास का मॉडल विकसित करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में विवि के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी, संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. प्रदीप सूरी, डॉ. तिलोत्तमा सिंह, अंकिता जोशी, डॉ. बाबिता रावत, डॉ. फरमान अली आदि मौजूद रहे।