सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के धर्मावाला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजनों की ओर से डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता, गाली-गलौज और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ सहसपुर अनुज कुमार के अनुसार, उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी, ग्राम सिटोर निवासी फ्लोर मैनेजर दीपक नेगी ने शिकायती पत्र देकर बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीज रहीसा के उपचार को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिजनों को पूरी जानकारी दी जा चुकी थी और नियमित इलाज चल रहा था। आरोप है कि 17 जून की सुबह मरीज के दो परिजन शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और डाॅक्टरों से अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द कहने लगे।
विरोध करने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन और वरिष्ठ चिकित्सक लिए भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। साथ ही नर्सिंग स्टाफ के साथ भी अभद्रता की। सीओ ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।