24 मई को डोईवाला में सूटकेस में मिली लावारिस महिला के शव की गुत्थी सुलझ गई है। डीएनए टेस्ट रिपोर्ट से यह साबित हो गया है कि बरामद शव क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गायब इमराना का था।
इसकी पुष्टि होते ही पुलिस ने शक के दायरे में आए शौहर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसने तीन और साथियों के शामिल होने की बात कबूली है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस बृहस्पतिवार को इस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।
डोईवाला कोतवाली क्षेत्र में 24 मई को सूटकेस में एक महिला की लाश बरामद हुई थी। लेकिन उसे पहचान पाना मुमकिन नहीं था। पुलिस ने शव की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए, लेकिन गुत्थी सुलझने के बजाय उलझती चली गई। इसी बीच पता चला कि बरामद सूटकेस का निर्माण पटेलनगर-क्लेमेंटाउन क्षेत्र की एक फैक्ट्री में हुआ था।
इससे पुलिस की उम्मीद जग गई। रिकॉर्ड तलाशा गया तो इमराना के गुम होने की बात सामने आई। काफी माथापच्ची के बाद टिहरी और क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गायब दो महिलाओं के ईद-गिर्द पुलिस जांच उलझ गई। कोर्ट के आदेश पर गायब महिलाओं के परिजनों के डीएनए सैंपल लेकर मिलान को प्रयोगशाला भेजे गए।
डीएनए मिलान की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो पुलिस की बांछें खिल गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि बरामद शव क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में रहने वाले दानिश की पत्नी इमराना का है। इमराना 19 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने पहले ही संदिग्धों की कुंडली तैयार कर ली थी। पुलिस को सिर्फ डीएनए रिपोर्ट का इंतजार था। बुधवार को रिपोर्ट मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।