-भाजपा प्रवक्ता चमोली ने कहा कि धौलास की विवादित जमीन मुस्लिम यूनिवर्सिटी की साजिश का हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस सरकार की ओर से मुस्लिम शिक्षण संस्थान के लिए दी गई जमीन को आईएमए की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए तत्काल सरकार में निहित करने की अपील की है। विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने इस भूमि को मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की मंशा रखने वालों की साजिश का हिस्सा बताया। ऐसे षड्यंत्रों से आगाह किया कि देवभूमि के देवत्व बचाने के लिए कांग्रेस से मुक्ति जरूरी है। पत्रकारों से बातचीत में चमोली ने कहा कि मीडिया में आई खबरों से हुए खुलासे में एक बार फिर कांग्रेस पार्टी और उनकी सरकारों की खतरनाक साजिश सामने आई है।
उन्होंने कहा कि सहसपुर धौलास में 2004 में तिवारी सरकार ने लगभग 100 बीघा जमीन मोहम्मद मदनी को शिक्षण कार्य के लिए लीज पर दी थी। जिसके लैंड यूज परिवर्तित कराने के प्रयास किए गए और आपत्तियों के बाद हाईकोर्ट तक मामला पहुंचा। अब वहां भी मामला खारिज होने के बाद पावर अटॉर्नी देकर खुर्द-बुर्द करने के प्रयास भूमाफियाओं की ओर से किए जा रहे थे। चमोली ने कहा कि क्या तिवारी सरकार में शिक्षण संस्थान के लिए आवंटित इसी जमीन पर कांग्रेस मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलना चाहती थी? क्योंकि 2022 के चुनाव में सहसपुर के अंदर एक मुस्लिम यूनिवर्सिटी खुलने की बात आई, जो तत्कालीन सीएम हरीश रावत की देखरेख में हुई। उन्होंने सरकार से तुरंत संज्ञान में लेते हुए भूमि आवंटन निरस्त करने का आग्रह किया है।