जिला पंचायत देहरादून की रायपुर ब्लॉक सभागार में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग में अतिथि शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाया, जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकासनगर में आरक्षण के मानकों की अनदेखी हुई है।
शिकायत पर जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी खाली को जांच के निर्देश दिए। वहीं बीईओ विकासनगर के बैठक में न आने पर उनका जवाब तलब करने को कहा गया। बैठक में 14वें वित्त आयोग द्वारा जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत के वित्त में कटौती पर केंद्र के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया।
जिला पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, बिजली, पानी आदि क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शाहपुर कल्याणपुर से जिला पंचायत सदस्य अजमेर राठौर ने कहा कि सहायक अध्यापक एलटी एवं प्रवक्ताओं के पदों पर अतिथि शिक्षकों के चयन में मनमानी हुई है।
बोले प्रतिनिधि, चहेतों को दे दी नियुक्ति
आरोप लगाया कि चहेतों को नियुक्ति दी गई। डिंपल राठौर ने भी इस मामले को उठाया। जिला पंचायत सदस्य चकतुनवाला हेमा पुरोहित ने जंगली जानवरों के आबादी क्षेत्र में आने एवं वन विभाग की ओर से सोलर लाइटों को सही जगह पर न लगाने का मामला उठाया।
जिला पंचायत सदस्य देवेश्वरी देवली ने नई मीठीबेड़ी में भूस्खलन से खतरे, जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्र ने क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी, मेक सिंह ने सिद्धोवाला में बंदरों की समस्या एवं जिला पंचायत सदस्य राजेश परमार ने परिवार रजिस्टर पूरी तरह से न भरने की समस्या उठाई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की समस्या का तय समय पर समाधान किया जाए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष डबल सिंह भंडारी, जिलाधिकारी रविनाथ रमन, ब्लॉक प्रमुख बीना बहुगुणा, रंजिता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, कनिष्ठ प्रमुख विनोद जुयाल, जिला पंचायत सदस्य टीना सिंह आदि मौजूद रहे।
पूर्व जिपं अध्यक्ष मधु ने लगाया अनदेखी का आरोप
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने नियोजन एवं विकास समिति पर जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्तावों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नौ सदस्य ऐसे हैं, जिनके एक भी प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल नहीं किए गए। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि किसी की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता हो सकती है, लेकिन इसके लिए क्षेत्र की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
पंचायत करों का प्रस्ताव नहीं हुआ मंजूर
बैठक में पंचायत राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में विभिन्न करों के प्रस्ताव को सदन में रखा गया, जिस पर विस्तृत चर्चा न हो पाने से इस प्रस्ताव को अगली बैठक में रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह प्रस्ताव हुए पास
- राजावाला डूंगा मोटर मार्ग में 22 विद्युत पोलों को बदला जाए।
- जिला पंचायत जहां कर वसूल रही हो, वहां ग्राम पंचायतें कर नहीं वसूलेंगी, बीपीएल परिवारों को कर मुक्त रखा जाएगा।
- डोईवाला ब्लॉक के ट्यूबवेल संख्या 144 को शीघ्र ठीक किया जाए।