कालसी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम व्यास नहरी में यमुना घाट के समीप सेना की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां सैन्य भूमि पर पक्का आवासीय निर्माण कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर तहसील प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता गिरीश चंद्र डालाकोटी ने 26 जुलाई को सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से एसडीएम कालसी को मामले से अवगत कराया था। शिकायत के अनुसार, ग्राम व्यास नहरी के राजस्व अभिलेखों में खसरा संख्या 140 और खाता संख्या 406 की भूमि मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस चौकी) के नाम दर्ज है। आरोप है कि इसी भूमि पर हरिपुर निवासी एक व्यक्ति ने करीब 15 गुणा 10 मीटर क्षेत्र में पक्के टिनशेड का आवासीय निर्माण कर कब्जा जमा लिया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि विभागीय जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
डालाकोटी ने इस प्रकरण को सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील बताया है। उन्होंने सैन्य भूमि और यमुना घाट निर्माण स्थल के इतने करीब अतिक्रमण होने के बावजूद प्रशासन की सुस्ती पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रशासन से सेना की भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम प्रेमलाल ने बताया कि सेना की भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले का संज्ञान लिया गया है और राजस्व विभाग की ओर से नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।