आईआईटी के छात्रों ने नोटबंदी का सपोर्ट किया है।
- फोटो : AmarUjala
देशभर में पांच सौ और हजार के नोट बंद करने के फैसले को लेकर घंटों लाइन में लगने के बाद भी आईआईटीयंस मोदी के मुरीद नजर आ रहे हैं। कालेधन पर पाबंदी के मद्देनजर लिए गए इस फैसले से उत्साहित छात्रों का कहना है कि यह प्रधानमंत्री की ओर से राष्ट्रहित में उठाया गया कदम है जिसका वे समर्थन करते हैं।
उन्होंने कहा कि नोट बदलने में आ रही परेशानी कुछ दिनों की है। उन्होंने बताया कि स्वयं तीन घंटे लाइन में लगकर उन्होंने मंगलवार को नोट बदले।
बड़े नोटों को बंद करने के मोदी के फैसले को लेकर इन दिनों बहस छिड़ी है। विरोधी इसे आम जनता के लिए परेशानी खड़ा करने वाला फैसला बता रहे हैं तो बड़ी संख्या में लोग इसका समर्थन भी कर रहे हैं।
तीन घंटे लाइन में लगकर भी हैं खुश
करेंसी
इस बीच आईआईटी रुड़की के छात्र-छात्राओं ने भी मोदी के कदम की सराहना की है। साथ ही इसे राष्ट्रहित में लिया गया निर्णय करार दिया है।
आईआईटी छात्रा काजल और ईशा गुप्ता का कहना है कि यह देश हित में उठाया गया साहसिक और बड़ा कदम है, जिसका हम सब सपोर्ट करते हैं। छात्राओं का कहना था कि उन्होंने भी तीन घंटे लाइन में लगकर नोट बदलवाए हैं।
बावजूद इसके देश हित में परेशान होने के लिए तैयार हैं। वहीं महिम अग्रवाल और शुभम का कहना था कि उन्होंने घंटों लाइन में लगकर पैसे लिए हैं। इससे परेशानी भी हुई है, लेकिन अच्छे काम के लिए थोड़ी परेशानी भी उठानी पड़ती है।
फैसले से गदगद हैं आईआईटीयंस
नई करेंसी
इन छात्रों का कहना था कि कालेधन से देश के विकास की रफ्तार धीमी पड़ रही थी। साथ ही भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खा रहा है। इस फैसले के बाद भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को सोचने पर मजबूर होना होगा।
लोगों के काम में ईमानदारी आएगी। साथ ही मेहनतकश लोगों को अपनी मेहनत पर गर्व होगा। इसी तरह की सोच आईआईटी के अन्य छात्रों की भी है जो मोदी के इस फैसले से गदगद नजर आ रहे हैं।