- चर्चा के दौरान विधायकों के आपस में बातें करने पर विस अध्यक्ष ने पीठ से दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। विधानसभा विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन में राज्य की प्रगति व भविष्य के रोडमैप पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष व विपक्ष के विधायकों के आपस में बातें और एक-दूसरे पर टिप्पणी करने पर विधानसभा अध्यक्ष सख्त दिखीं। उन्होंने पीठ से निर्देश दिए कि आपस में बातें व टीका टिप्पणी करनी है तो सदन से बाहर जाकर करें।
मंगलवार को चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष व विपक्ष के विधायक आपस में बात करने के साथ ही एक-दूसरे पर टीका टिप्पणी करने पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने हस्तक्षेप किया। अध्यक्ष ने पीठ से निर्देशित किया कि राज्य के विकास व भविष्य के रोडमैप विषय पर महत्वपूर्ण चर्चा हो रही है। ऐसे में विधायक शांतिपूर्ण ढंग से चर्चा को सुनने के बजाय आपस में बातें कर रहे हैं। यदि किसी सदस्य को बातें व एक-दूसरे पर टीका टिप्पणी करने है तो सदन से बाहर जाकर करें।
सदन में कांग्रेस विधायक के वोट चोरी गद्दी छोड़ के नारे लगाने पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सदन में अपशब्द कहना ठीक नहीं है। चर्चा में पक्ष-विपक्ष के बीच शब्द तल्ख हो सकते हैं। सभी सदस्यों को सदन में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, इस पर चिंता करनी चाहिए। पूरा देश उत्तराखंड को देख रहा है। अपशब्द के प्रयोग से देश में उत्तराखंड की परंपरा को लेकर गलत संदेश जाएगा।