दिल्ली और गुरुग्राम रूट को जाने वालीं सभी 25 वॉल्वो बस अब धीमी गति से चलाई गई तो बिल से कटौती की जाएगी। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक संचालन ने इसके आदेश दिए हैं।
मंडलीय प्रबंधक संचालन संजय गुप्ता ने बताया कि वॉल्वो बस की गति को लेकर आए दिन यात्रियों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के अनुसार बस पर तैनात कुछ चालक जानबूझकर धीमी गति से बस का संचालन कर रहे हैं। इस कारण तय समय पर यात्री गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे थे। स्थिति का जायजा लेने के लिए मंडलीय प्रबंधक ने खुद देहरादून से बस में यात्रा की। उन्होंने बताया कि बस ने निर्धाारित समय पर उन्हें सेक्टर 62 पहुंचा दिया।
उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि यदि चालक सही स्पीड में बस का संचालन करे तो निर्धारित समय से बस गंतव्य पर पहुंच जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि रास्ता साफ होने के बाद भी अगर वॉल्वो धीमी गति से चलाई गई तो बस के देय बिल से 2500 रुपये काट लिए जाएंगे। कहा कि बस संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है। गति के मानकों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।
Iक्यों चलाते हैं कम स्पीड में वॉल्वोI
वॉल्वो बस के लिए 80 किमी प्रति घंटे की स्पीड निर्धारित है, लेकिन सही एवरेज पाने के लिए चालक बस को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलाते हैं। इससे उनका मुनाफा बढ़ जाता है, लेकिन यात्रियों को दिक्कत हो जाती है।