- मशाल जुलूस निकालकर अंकिता को न्याय दो के लगाए नारे
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। प्रदेश युवा कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग के लिए मशाल जुलूस निकाला। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की बेटी अंकिता को न्याय नहीं देना चाहती है।
नेहरू कॉलोनी के पास बुधवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हुए। हाथ में मशाल लिए कांग्रेसी अंकिता को न्याय दो के नारे लगाते रहे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से भाजपा कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग लगा दी थी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह मशाल जुलूस सिर्फ सड़कों पर नहीं चला बल्कि सत्ता के गलियारों तक चेतावनी बनकर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हम डरने वाले नहीं हैं और न ही चुप बैठने वाले। उन्होंने मशाल जुलूस में मौजूद लोगों से कहा कि अंकिता की आत्मा आज हमसे पूछ रही है कि क्या तुम आखिरी सांस तक न्याय की लड़ाई लड़ोगे? इस पर भीड़ ने जवाब दिया कि हां। महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि सीबीआई जांच नहीं होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, विनीत प्रसाद भट्ठ उर्फ बंटू, राजपाल बिष्ट, पार्षद महेंद्र सिंह रावत, पार्षद रोबिन त्यागी आदि मौजूद रहे।