विकासनगर। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जस्सोवाला निवासी महेंद्र सिंह के खिलाफ उसकी पत्नी ने गंभीर मारपीट, जानलेवा हमले और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया शिकायतकर्ता मंजू देवी के अनुसार नौ जून को उनके पति ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। महिला ने घटना को जान से मारने की कोशिश बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी पर घटना के दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।