फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: दहेज के लिए पति ने कंबल से मुंह दबाकर पत्नी को मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
मृतका के भाई की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
विज्ञापन

नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दहेज के लिए शादी के महज चार महीने बाद युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति पत्नी के कम पढ़ी-लिखी होने और कम दहेज मिलने से नाराज था। उसने कंबल से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रुद्रप्रयाग निवासी सलमान आसिफ ने बुधवार को थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन कहकशा आलम की ससुराल वालों ने हत्या कर दी है। उसने पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम पर हत्या का आरोप लगाया। सलमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए कहकशा को प्रताड़ित कर रहे थे।
विज्ञापन

परिजनों के मुताबिक तीन-चार मार्च की रात ससुराल पक्ष कहकशा को गंभीर हालत में श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचा, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। चूंकि मृतका की शादी को अभी चार महीने ही हुए थे, इसलिए नियमानुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कराई गई और पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर जांच क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को आरोपी पति शहबाज आलम (29) निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिजनौर जिले के दिनौड़ा गांव का रहने वाला है।

दूसरी शादी की योजना बना रहा था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी शहबाज ने बताया कि उसका विवाह उसकी मर्जी के खिलाफ घरवालों ने कराया था। पत्नी के कम पढ़ी-लिखी होने और कम दहेज मिलने के कारण वह उससे खुश नहीं था। इसी वजह से शादी के बाद उसका और उसके परिवार का व्यवहार कहकशा के प्रति बदल गया था। उसका इरादा था कि पत्नी की हत्या के बाद वह दूसरी जगह किसी पढ़ी-लिखी लड़की से शादी करेगा और अधिक दहेज प्राप्त करेगा।

एक सप्ताह से रच रहा था मारने की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक सप्ताह से अपनी पत्नी को मारने की साजिश रच रहा था। तीन मार्च की रात जब पत्नी सो रही थी, तभी मौका पाकर कंबल से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने परिजनों को जानकारी दी और उसे श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने परिजनों को बीमारी से मौत होने का भरोसा दिलाने की कोशिश की लेकिन अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद वह घबरा गया और मौके से फरार हो गया।

50 लाख के लालच में पत्नी का कर दिया कत्ल
मृतका के भाई सलमान आसिफ ने तहरीर में बताया कि शादी के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया गया था लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले और दहेज लाने के लिए उनकी बहन को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि गत 18 फरवरी को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इसके बाद तीन मार्च की रात करीब 11 बजे भी कहकशा ने फोन कर बताया कि पति, सास, ससुर, देवर और ननद रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं।
विज्ञापन

दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - प्रमोद कुमार, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें