हरिद्वार जिले के बुग्गावाला में एक गांव निवासी विवाहिता को उसके पति ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। इसके बाद उसे पास के एक अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे महिला के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति सास और ससुर के खिलाफ कारवाई की मांग की है।
थाना पथरी के गांव बहादरपुर जट निवासी किरुमल कुमार ने बुधवार को बुग्गावाला थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया गया है कि उसने लड़की की शादी 15 साल पहले बुग्गावाला क्षेत्र के गांव गांजा मजरा निवासी विजय के साथ की थी। उसका कहना है कि शादी के समय आर्थिक तंगी के कारण अधिक दहेज नहीं दे सका था, लेकिन दो साल पहले दो अन्य बेटियों की शादी में पहले ही अपेक्षा अधिक दहेज दिया था।
इसके बाद से ही आरोपी पति और सास-ससुर गाली गलौज करते थे। साथ ही दहेज की मांग कर रहे थे। इसी वजह से मंगलवार की रात में भी बड़ी बेटी के साथ मारपीट कर उसे अस्पताल में छोड़ दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित विवाहिता के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति और उसके सास-ससुर के खिलाफ कारवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष एनके बचकोटी बुग्गावाला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।