चकराता वन प्रभाग की ओबरासेर के जंगलों में सोमवार की रात आग लग गई। वनाग्नि धीरे-धीरे स्थानीय बागवानों के बगीचों तक पहुंच गई। सैकड़ों पेड़ जल गए। वनकर्मियों ने मंगलवार शाम चार बजे आग पर काबू पाया। बागवानों ने प्रशासन से बगीचों में हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।
चकराता वन प्रभाग में लगातार वनाग्नि की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को बावर रेंज के पास जंगल में लगी आग से बागवानों के सेब, खुमानी, आड़ू नाशपाती और पुलम आदि सैकड़ों पेड़ जल गए। वहीं, चौसाल और फनार के बीच भी जंगल में आग की लपटें उठने लगीं। वनकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। तहसीलदार गंगा राम पेटवाल ने बताया कि नुकसान के आकलन के लिए क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक को गांव में भेजा जाएगा।