मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पहाड़ों की गोद में 100 मिनी टाउन (छोटे शहर) विकसित किए जाएंगे। इन शहरों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल, स्कूल, बैंक होगा। ऐसी औद्योगिक इकाई भी होगी, जहां पर क्षेत्र के किसान अपने उत्पादों का विपणन ही नहीं करेंगे बल्कि बीज और अपनी जरूरत की सामग्री भी खरीद सकेंगे।
जिलासू तहसील का उद्घाटन
शनिवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पोखरी ब्लॉक के छोटे गांव जिलासू को तहसील मुख्यालय का दर्जा दिया। साथ ही अलकनंदा पर बने सवा पांच करोड़ के मोटर पुल का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना के तहत 20-25 हजार यात्रियों को चारधाम यात्रा कराने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग ब्लॉक के कालेश्वर और पोखरी के बमौथ में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। विधायक राजेंद्र भंडारी और डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने भी विचार रखे।
इस दौरान पर्यटन मंत्री दिनेश धनै, शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व एमएलसी पीपीएस चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जोशी आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व प्राथमिक विद्यालय जिलासू, जूनियर स्कूल झिलोटी और लोक जागृति विकास संस्था के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
ये घोषणाएं भी
-कालेश्वर में बाढ़ सुरक्षा कार्य।
-लंगासू में 33केवी का विद्युत सबस्टेशन।
-सेमी-उत्तरों मोटर मार्ग को हाईवे से जोड़ने के लिए सोनला में मोटर पुल।
-सेमी-उत्तरों मोटर मार्ग को हाटमिक्स करना।
-कालेश्वर और बमौथ में मिनी स्टेडियम।
-जिलासू में सिंचाई लिफ्ट योजना।
-गंगानाली क्षेत्र में दो एएनएम सेंटर।
-देवलीबगड़ में अलकनंदा किनारे चेक डैम निर्माण।
-जिलासू से झिलोटी तक 3 किमी मोटर मार्ग का निर्माण।
-कालेश्वर में अलकनंदा में जमा सिल्ट को हटाए जाने के लिए डीएम से प्रस्ताव बनाने के लिए कहा।
-कालेश्वर में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भी डीएम और अन्य विभागों से डीपीआर बनाकर शासन में भेजने के लिए कहा।