कर समिति की बैठक लेते समिति के अध्यक्ष शम्मी प्रकाश साथ में नगरपालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा।
- फोटो : VIKAS NAGAR
नगरपालिका विकासनगर में पालिका कर्मियों की हीलाहवाली के कारण एक साल बाद भी हाउस टैक्स संबंधित सर्वे कार्य पूरा नहीं हो सका है। जिस कारण पालिका प्रशासन को हर माह लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शनिवार को कर समिति के अध्यक्ष शम्मी प्रकाश ने पालिका कर्मियों की बैठक ली तो पता चला कि अब भी हाउसिंग टैक्स से संबंधित सर्वे कार्य अधर में लटका हुआ है। सर्वे कार्य में पालिका क्षेत्र अंतर्गत आने वाले भवनों की गिनती की जानी थी। जिससे लोगों से सुनियोजित तरीके से कर वसूला जा सके। यह सर्वे कार्य बीते साल शुरू हो गया था। लेकिन बैठक के दौरान पता चला कि पालिका क्षेत्र अंतर्गत कई वॉर्ड ऐसे हैं। जिसमें अब तक पालिका कर्मियों ने भवनों की गिनती शुरू ही नहीं की है। जिस पर समिति अध्यक्ष ने कर्मियों को फटकार लगाई। उन्होंने एक माह के भीतर सर्वे कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान यह बात भी संज्ञान में आई कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज भी पालिका को नहीं मिल पा रहा है। जिस कारण हर माह पालिका लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पालिका क्षेत्र अंतर्गत 28 होटल ऐसे हैं। जिन पर कोई कर ही नहीं लगाया गया है। यह होटल बिना टैक्स दिए ही पालिका क्षेत्र की सीमा में संचालित हो रहे हैं। कर समिति के अध्यक्ष ने स्कूल, नर्सिंग होम, होटल, वेडिंग प्वाइंट समेत अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे कर उन पर भी कर लगाने की बात कही। बैठक में पालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा, अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य, कर निरीक्षक मोहित पाठक, कर समिति के सदस्य गिरीश सप्पल, अंकित जोशी, बिशन राणा, कृष्णा तोमर आदि मौजूद रहे।