बागवानी किसानों ने निरजंनपुर मंडी गेट पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से किसानों का बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है। किसानों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी कर नाराजगी जताई।
मंगलवार सुबह दून के बागवानी किसानों ने मंडी गेट पर तालाबांदी कर प्रदर्शन किया। किसानों की भीड़ देखकर मंडी प्रशासन के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। मशक्कत के बाद मंडी अधिकारियों को किसानों ने ज्ञापन सौंपकर बकाया भुगतान जल्द दिलाने की मांग की। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने बताया कि मंडी की दुकान नंबर सी 51, सी 52 के आढ़ति राजकुमार, सुनील आहूजा व विजय आहूजा पर बागवान किसानों का करीब डेढ़ करोड़ बकाया है। भुगतान मांगने पर किसानों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। वहीं किसान भी बकाया भुगतान को लेकर लंबे समय से मंडी के चक्कर लगाकर थक चुके हैं। उन्होंने मंडी प्रशासन पर भी किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीरता न बरतने का आरोप लगाया है।