ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाढ़वाला और राजकीय माध्यमिक विद्यालय कुंजा ग्रांट को इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत करने की कवायद शुरू कर दी गई है। दोनों विद्यालय उच्चीकरण के सभी मानकों को पूरा कर रहे हैं। विद्यालयों के उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही विद्यालयों के उच्चीकृत होने की उम्मीद है।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद दोनों विद्यालय इंटर कॉलेज के रूप में संचालित हो सकेंगे। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को 10वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। बता दें कि क्षेत्र में दोनों विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। वर्तमान में कक्षा 10वीं तक पढ़ाई के बाद विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए दूसरे विद्यालयों का रुख करना पड़ता है। उच्चीकरण होने पर स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही 12वीं तक शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी। खंड शिक्षा अधिकारी विनीता कठैत ने बताया कि दोनों विद्यालयों के उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विद्यालयों को इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत किया जाएगा। स्वीकृति के बाद इंटरमीडिएट कक्षाओं के संचालन के लिए आवश्यक शिक्षकों और अन्य व्यवस्थाओं की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।