कई बाइक चालकों के शरीर पर मधुमक्खियां बुरी तरह चिपट गईं। बाइक चालक शोर मचाते हुए बाइक मौके पर ही छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मधुमक्खियों से बचने के चक्कर में एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया। मधुमक्खियों ने युवक को डंक मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। युवक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा।
मधुमक्खियों के हमले से करीब 20 लोख जख्मी हो गए। देखते ही देखते गंगनहर की पटरी पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग एक-दूसरे को आगे न जाने की सलाह देने लगे। जाम लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाकर यातायात रोक दिया। इसके बाद वाहन चालकों को गणेशपुर से मिलिट्री चौक होते हुए गुजारा गया। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक मधुमक्खियों का तांडव जारी रहा।
बाइक सवार समेत मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल युवक समेत छह लोगों को पुलिस ने सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया। करीब डेढ़ घंटे बाद मधुमक्खियों का आतंक कम हुआ तो पटरी पर आवागमन सुचारु हुआ।
विधायक के कार्यालय में घुसे लोग
मधुमक्खियों से बचने के लिए कई लोग विधायक प्रदीप बत्रा और सिंचाई विभाग के सरकारी आवासों में जा घुसे। इससे यहां भी अफरातफरी मच गई। इस बीच जिन लोगों को मधुमक्खी चिपट रही थी, धुआं कर उन्हें बचाया गया। इस दौरान कई लोग विधायक प्रदीप बत्रा के कार्यालय के अंदर भी जा घुसे। काफी देर तक यहां अफरातफरी का माहौल रहा।
कई लोग हुए चोटिल
मधुमक्खियों के हमले से बचने के चक्कर में कई वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। इस दौरान कई कार सवारों ने बीच में ही कार रोक दी और लोगों को कार में बैठाकर उनकी जान बचाई। कई कार चालक अपना वाहन लेकर पीछे की तरफ वापस हो गए।