रमजान के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुमा पर आज जामा मसजिदों में देश और समाज में खुशहाली की दुआ की गई। इस मौके पर शहर काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासिमी ने कहा कि लोग गुनाहों से तौबा करें और अस्तगफार पढ़ते रहें।
जुमे की तकरीर में कहा गया कि लोगों को हर वक्त अपने गुनाहों से तौबा करते रहना चाहिए। सच्चे दिल से तौबा करने पर अल्लाहताला माफ कर देता है। लोग अल्लाहताला के हुक्म के मुताबिक जिंदगी बिताएं। अपने बड़ों का कहना मानें। मां-बाप की फरमाबरदारी करें। तालीम पर ध्यान दें। इल्म आने पर समाज की बहुत सी कुरीतियां अपने आप खत्म हो जाती हैं।
हो सकता एक और अलविदा जुमा
अगर ईद का चांद 29 तारीख को नजर न आया तो एक और अलविदा जुमा हो सकता है। अगर 29 तारीख का चांद हुआ तो ईद शुक्रवार को होगी। अगर 30 दिन का रमजान हुआ तो ईद शनिवार को होगी। इससे एक अलविदा जुमा और मिल जाएगा।
इफ्तार पार्टी हुई
ओगल भट्ठा में रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इसका संचालन मोहम्मद अकरम और जितेंद्र ने किया। मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना रहे। इस मौके पर समाज में अमन-चैन की दुआ की गई। इफ्तार पार्टी में अरुण बाल्मीकि, प्रदीप कुमार, सुनील कुमार, सोनू त्यागी आदि मौजूद रहे।
जुमा बाद प्रदर्शन किया
सीरिया में आतंकी हमलों के विरोध में शिया समुदाय के लोगों ने जुमे की नमाज के बाद डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अंजुमन मोइनुल मोमनीन के बैनर तले लोगों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया। लोगों की अगुवाई इमाम जुमा मौलाना शहंशाह हुसैन ने की।
खबर पर राय देने के लिए क्लिक करें