नगर के जाखणी मुहल्ले में होली की खुशी मातम में बदल गई। यहां होली मनाने के बाद अपने साथियों के साथ अलकनंदा नदी में नहाते समय एक युवक पानी में बह गया। युवक पशुपालन विभाग में कार्यरत था। जल पुलिस और एसडीआरएफ युवक की तलाश में जुटी हुई है।
मूल रुप से थातीडागर गांव निवासी दलवंत सिंह (करीब 37) पुत्र महेंद्र सिंह का परिवार नगर के जाखणी मुहल्ले में रहता है। जबकि दलवंत पशुपालन विभाग देहरादून में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत है। मंगलवार को होली खेलने के बाद दलवंत अपने साथियों के साथ अलकनंदा नदी में नहाने चला गया।
इसी दौरान वह पानी की तेज धारा में बह गया। घर में यह खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कोतवाल जवाहर लाल ने बताया कि जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रॉफ्ट से नदी में बहे युवक की तलाश कर रही हैं, लेकिन अभी कुछ पता नहीं चल पाया है।
वहीं मंगलवार को देर रात थाना डालनवाला के डीएल रोड क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक महिला की पहचान काजल पुत्री रमेश चंद्र निवासी डीएल रोड, थाना डालनवाला, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई।
मृतक महिला की दो साल पहले शादी हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही वह अपने मायके वापस आ गई थी। तथा तब से अपने मायके में ही रह रही थी। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट प्राप्त नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। शव का पंचायतनामा भर शव को अग्रिम कार्रवाई हेतु मोर्चरी में रखवाया गया है।