होली के दौरान मारपीट व हादसों में घायल लोगों को तत्काल इलाज की सुविधा मिल सके, इसके लिए दून अस्पताल समेत कोरेनेशन व गांधी शताब्दी आदि अस्पतालों में इलाज के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तीनों अस्पतालों में हड्डी, त्वचा व नेत्र रोग विशेषज्ञों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
दून अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी में विशेषज्ञों के अलावा पैरा मेडिकल, स्टाफ नर्स की तैनाती की गई है। घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए डॉक्टरों के अवकाश पर रोक लगायी गई है।
दूसरी ओर कोरोनेशन व गांधी शताब्दी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि दोनों अस्पतालों में इमरजेंसी में तमाम डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है।
होली के दौरान अराजकतत्व ट्रेनों में किसी भी प्रकार की घटना को अंजाम न दें सकें, इसके लिए रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में अतिरिक्त सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए हैं। रविवार को जीआरपी व आरपीएफ निरीक्षकों की अगुवाई में स्टेशन परिसर में जांच अभियान चलाया। इसके अलावा पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों को अंजान वस्तु व व्यक्ति के बारे में जानकारी देने व सतर्क रहने की चेतावनी दी गई।
जीआरपी थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि देहरादून से विभिन्न स्थानों के जाने वाली ट्रेनों में जांच पड़ताल की जा रही है। स्टेशन पर यात्रियों के सामानों की जांच पड़ताल करने के साथ ही हर संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली रही है।
इसके अलावा ट्रेनों में यात्रा के दौरान भी यात्रियों व सामानों की जांच पड़ताल की जा रही है। आरपीएफ निरीक्षक पीएस नेगी ने बताया कि पूरे स्टेशन परिसर में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर लगातार जांच की जा रही है। उन सभी रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनके जरिए कोई भी व्यक्ति स्टेशन में दाखिल हो रहा है। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
होली पर कानून व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस ने पीएसी के जवानों के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। मिश्रित आबादी और बाजाराें में पुलिस ने भ्रमण कर लोगों से सादगी से होली मनाने का अनुरोध किया। इस दौरान युवाओं को नशे में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। होलिका दहन स्थलों पर रविवार शाम से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
डीआईजी के निर्देश के बाद होली के मद्देनजर पुलिस ने शहर और देहात क्षेत्र में रविवार को अपनी सक्रियता बढ़ा दी। शहर में सुरक्षा का माहौल तैयार करने को रविवार को कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च ब्रह्मपुरी, लोहिया नगर, ब्राह्मण वाला, आईएसबीटी और मेहूंवाला क्षेत्र में पुलिस और पीएसी के साथ किया।
सीओ सिटी शेखर सुयाल ने पुलिस के साथ पलटन बाजार, धामावाला, हनुमान चौक, चकराता रोड, चुक्खूवाला आदि मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। सीओ सदर अनुज कु मार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर पटेल नगर सूर्यभूषण नेगी ने लोगों से होली शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील की है। सीओ डालनवाला विवेक कुमार और सीओ नेहरू कॉलोनी पल्लवी त्यागी की अगुवाई में मिश्रित आबादी में भ्रमण किया।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि होलिका दहन स्थलों पर रविवार शाम से पुलिस बल तैनाती कर दी गई, ताकि असामाजिक तत्व की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मंगलवार के दिन शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सुबह सात बजे से लेकर शाम चार बजे धरपकड़ की जाएगी। लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के इरादे से वाहनों के अलावा पैदल मार्च भी निकाला गया।
इन बैरियरों पर होगी चेकिंग
दिलाराम चौक, आराघर तिराहा, सर्वे चौक, लैंसडौन चौक, धर्मपुर चौक, नेहरू कॉलोनी तिराहा, जोगीवाला चौकी, रिस्पना पुल, राजीव नगर पुल, बाईपास चौकी, अग्रसेन चौक, सहारनपुर चौक, चुक्खूवाला, दर्शनलाल चौक, एस्ले हाल, माजरा, मंडी तिराहा, इंदिरानगर, बल्लीवाला चौक, वसंत विहार चौक, बिंदाल तिराहा, किशननगर तिराहा, बल्लूपुर चौक, पंडितवाड़ी, प्रेमनगर चौक, जाखन चौकी, मसूरी डायवर्जन, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और टर्नर रोड पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी।