उत्तराखंड में नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थानों में दाखिल की प्रवेश परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी गई है। कोरोना के चलते प्रवेश परीक्षा के आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है।एचएनबी मेडिकल विवि की ओर से प्रदेशभर में नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिलों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित कराई जाती है।
पहले यह परीक्षा अक्तूबर के पहले सप्ताह में आयोजित की जानी थी। इसके आवेदन भी सितंबर के अंतिम सप्ताह में पूरे हो रहे थे। इस बीच विवि ने परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर छह अक्तूबर कर दी है।
वहीं, प्रवेश परीक्षा भी अब 17 व 18 अक्तूबर को होगी। एएनएम की प्रवेश परीक्षा 17 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि जीएनएम कोर्स की प्रवेश परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम चार बजे की पाली में होगी।
18 अक्तूबर को एमएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पैरामेडिकल की प्रवेश परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक होगी।
प्रवेश परीक्षा के एडमिट कार्ड आठ अक्तूबर की दोपहर एक बजे से ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएंगे। विवि के कुलपति डॉ. हेमचंद्र ने बताया कि जो छात्र अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वह छह तक आवेदन कर सकते हैं।