एचएनबी मेडिकल विवि की नीट पीजी दूसरे चरण की काउंसिलिंग में भी नॉन क्लीनिकल सीटों पर दाखिलों का रुझान देखने को नहीं मिल पाया। विवि ने सोमवार को दूसरे चरण के तहत सीटों का आवंटन कर दिया। सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में क्लीनिकल सीटों पर ही आवंटन हुआ। ज्यादातर जगहों पर नॉन क्लीनिकल सीटें खाली रह गईं।
प्रदेश सरकार ने एनाटमी, फोरेंसिंक मेडिसिन, फिजियोलॉजी, फार्माकोलॉजी जैसे नॉन क्लीनिकल विषयों की सीटों पर दाखिले के कम रुझान के चलते इस साल फीस घटा दी थी। फीस पांच लाख रुपये से घटाकर एक लाख रुपये कर दी गई थी। इसके बावजूद नीट पीजी के दूसरे चरण की काउंसिलिंग में इन सीटों पर दाखिले की उम्मीद फिर धरी रह गई। सभी कॉलेजों में खाली बची सीटें नॉन क्लीनिकल विषयों की हैं।
एचएनबी मेडिकल विवि के कुलपति प्रो. हेमचंद्र ने बताया कि अब बची हुई सीटों के लिए मॉपअप राउंड होगा। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि आवंटित सीटों पर छात्रों को 24 जुलाई तक दाखिला लेना होगा।
किस कॉलेज में कितनी सीटें आवंटित, कितनी बची
कॉलेज - आवंटित सीटें - खाली सीटें
राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी 23 07
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज : 04 12
राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर : 0 04
सीमा डेंटल कॉलेज, ऋषिकेश : 12 04
उत्तरांचल डेंटल कॉलेज : 06 03
हिमालयन मेडिकल कॉलेज, जौलीग्रांट : मैनेजमेंट कोटा में 23 सीटें आवंटित, छह खाली जबकि स्टेट कोटा में 19 सीटें आवंटित, 11 खाली
एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून : मैनेजमेंट कोटा में 17 सीटैं आवंटित, आठ खाली जबकि स्टेट कोटा में 19 सीटें आवंटित व आठ खाली