थंडरवोल्ट टीम की तरफ से 16वीं मारुति सुजुकी रेड डी हिमालया रेस भाग लेने वाले उत्तराखंड के करन जंग ने तीसरी बार उत्तराखंड का सिर ऊंचा किया।
सोहेल खान ने भी लिया भाग
रैली में जर्मनी और ऑस्ट्रिया के अलावा बॉलीवुड के दबंग सलमान खान के भाई अभिनेता सोहेल खान ने भी भाग लिया। करन ने इस रेस में तीसरा स्थान हासिल किया। उनका टाइम स्कोर 10.50.10 घंटे का रहा जबकि 1350 इंजन श्रेणी में वह पहले स्थान पर रहे।
ओवरआल में पहले स्थान पर मोहाली के अमरतेज बुवाल रहे। बुवाल ने रेड एक्सट्रीम फोर बाई फोर को 10.35.41 घंटे के टाइम स्कोर से पूरा किया। कैप्टन अजयवीर सिंह गिल ओवरआल में दूसरे स्थान पर रहे। उनका टाइम स्कोर 10.36.51 घंटे का रहा।
सितारगंज के चीकाघाट गांव निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी वीरेंद्र जंग के बेटे करन जंग अंतरराष्ट्रीय कार रेसर हैं।
शनिवार को लौटे करन ने बताया कि पांच अक्तूबर अक्टूबर को हिमाचल के शिमला से 41 जिप्सियां, 150 कारें और 25 बाइकों की तीन हजार किमी लंबी अंतरराष्ट्रीय रेड डी हिमालया कार रैली का आयोजन किया गया। रैली मनाली, लाहौल स्पीति से लेह-लद्दाख, यारलापास, बाराहलच्छा होते हुए 10 अक्तूबर को मनाली में संपन्न हुई।
थंडरबोल्ट की ओर से करन जंग
रैली में भारतीय सेना, मारुति सुजुकी कंपनी के रेसरों के अलावा जर्मनी, आस्ट्रिया के रेसरों और अभिनेता सोहेल खान ने भी प्रतिभाग किया। अभिनेता सोहेल खान मारुति सुजुकी की तरफ से कार रैली में उतरे थे। रैली में करन जंग थंडरबोल्ट की ओर से उतरे थे।
अमर उजाला से वार्ता में करन ने बताया कि इससे पहले वह वर्ष 2010, 2011, 2013 में भी रेड्डी हिमालया कार रैली में प्रथम और 26 जून 2011 को श्रीनगर में हुई मुगल कार रैली में तृतीय स्थान रहे थे।
19 फरवरी 2013 को दिल्ली से राजस्थान तक 5 हजार किमी की डेजर्ट स्ट्रोम मारुति सुजुकी कार रैली जीती थी। उन्होंने बताया कि वह टाटा और महिंद्रा कंपनी के विज्ञापनों में भी काम कर चुके हैं।
करन की इस उपलब्धि पर यूपी के पूर्व सहकारिता मंत्री ठाकुर प्रेमप्रकाश सिंह, बहादुर सिंह, कुंवर शिववर्धन सिंह, कै. सुरजीत सिंह, पवन सिंह पन्नू, नीरज गुप्ता चुन्नू, नाजिम खान आदि ने बधाई दी है।