रोडवेज बसों के पहिये थमे, यात्रियों को भारी परेशानी
सड़कें बंद होने से रोडवेज बसों के पहिये थम गए, जिससे सैकड़ों यात्री परेशान हुए। कोटद्वार से नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, जयपुर, पटियाला, चंडीगढ़ और अमृतसर के लिए चलने वाली सभी बसें सुबह 10:30 बजे से देर शाम तक बस अड्डे पर ही खड़ी रहीं। रोडवेज के एआरएम अनुराग पुरोहित स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नज़र बनाए हुए थे। हालांकि, डिपो प्रशासन को थोड़ी राहत मिली कि सड़क ध्वस्त होने से पहले कोटद्वार से दिल्ली के लिए तड़के ही पांच बसें निकल चुकी थीं। लेकिन, अन्य राज्यों से जुड़ी बसें न निकल पाने के कारण यात्रियों की समस्या बनी रही।
डायवर्ट किए गए प्रमुख रूट
हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहनों को वाया दुगड्डा, यमकेश्वर, लक्ष्मण झूला होकर गुजारा गया। बिजनौर, मेरठ, दिल्ली, एनसीआर, पंजाब और हरियाणा जाने वाले वाहनों को वाया दिल्ली फार्म, लालवाला होकर डायवर्ट किया गया। यातायात निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया, रोडवेज बसों सहित सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन रोका गया है, केवल हल्के वाहनों को ही इन वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है।