कुमाऊं में बृहस्पतिवार को कई जिलों में तेज तो कहीं हल्की बारिश और के चलते जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली, वहीं जंगलों की आग से बुझने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान भी पहुंचा है।
अंधड़ के कारण जगह-जगह पेड़ और टहनियां गिर गईं। इस दौरान कुछ जगहों पर विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। मौसम विभाग ने अगले 36 घंटों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और कहीं तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।
चंपावत, लोहाघाट और पाटी सहित जिले के कई हिस्सों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बृहस्पतिवार को चंपावत का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि बुधवार से तीन डिग्री रहा। प्रभागीय वनाधिकारी केएस बिष्ट का कहना है कि बारिश से चंपावत, लोहाघाट और आसपास के इलाकों में जंगल की आग से राहत मिली है। बागेश्वर वैली में दोपहर को आंधी के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
यहां अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया ऊधमसिंहनगर जिले में दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले का अधिकतम तापमान 38.5 और न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
हल्द्वानी में दोपहर दस मिनट की बारिश के बाद 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चली। आंधी के कारण जगह-जगह पेड़ भी गिरे। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां लगभग चार मिलीमीटर बारिश हुई। नैनीताल में दोपहर डेढ़ बजे से आंधी के साथ पहले हल्की उसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। नगर में 13 मिलीमीटर बारिश हुई है। उधर, मुक्तेश्वर और धानाचूली क्षेत्र के गांवों में दोपहर हुई भारी ओलावृष्टि होने से आलू और मटर की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.9 और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा।