आपदा मानकों के पुर्ननिरीक्षण, इससे संबंधित प्रक्रिया के निर्धारण व महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्रवाई के लिए 14 सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया गया है।
पूर्व विधायक बलवीर सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति आपदा के बाद शासन-प्रशासन के राहत कार्यों की समीक्षा भी करेगी और रिपोर्ट आपदा प्रबंधन विभाग को सौंपेगी।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के सीईओ / मुख्य सचिव शत्रुघभन सिंह की ओर से गठित उच्च स्तरीय समिति में धारचूला की तारा देवी को उपाध्यक्ष और अपर सचिव राजस्व को सदस्य सचिव नामित किया गया है।
जबकि हरिद्वार के संजय सैनी, टिहरी के डा. वीरेंद्र सिंह रावत, उत्तरकाशी के आनंद सिंह पंवार, बेरीनाग के हेम पंत, रानीखेत के अतुल जोशी, ओखलकांडा के मदन सिंह बोरा, टिहरी के श्याम लाल, चमोली के राजेंद्र सिंह सगोई, नैनीडांडा के गोपाल सिंह रावत, चमोली के ही खिलाब सिंह बिष्ट, बागेश्वर कपकोट के नरेंद्र सिंह दानू को सदस्य नामित किया गया है।
आपदा प्रबंध विभाग के उपसचिव संतोष बडोनी ने बताया कि समिति समय-समय पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के तमाम पहलुओं की समीक्षा करेगी। समिति राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अलावा आपदा विभाग को सुझाव देगी ताकि आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।