धर्म छिपाकर एक युवक ने युवती से दोस्ती की और फिर उससे प्यार का नाटक किया। इस दौरान कई बार दुष्कर्म भी किया। इससे युवती गर्भवती हुई तो उसने पिछले दिनों कोरोनेशन अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद आरोपी ने शादी से इन्कार कर दिया। आरोपी के खिलाफ युवती ने पटेलनगर थाने में शिकायत की है।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह आईएसबीटी पर आती रहती थी। दो साल पहले उसकी मुलाकात एक विक्रम चालक से हुई। उसने उस वक्त अपना नाम हनी बताया था। युवक ने प्यार का इजहार किया और उससे मिलने जुलने लगा। शादी का झांसा देते हुए उसने कई बार दुष्कर्म किया। इससे युवती गर्भवती हो गई और उसने गत 26 अगस्त को एक बच्ची को जन्म दिया। युवती ने उससे शादी के लिए कहा तो कहने लगा कि परिवार वाले राजी नहीं हैं।
धीरे-धीरे उसकी पोल खुलने लगी। पता चला कि वह समुदाय विशेष से ताल्लुक रखता है। उसने युवती से धर्म परिवर्तन करने को कहा, लेकिन युवती तैयार नहीं हुई। ऐसे में अब उसने पटेलनगर थाने में शिकायत की है। पुलिस बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।