दूसरे दिन भी शुरू नहीं हुई हेमकुंड साहिब की यात्रा
भारी बर्फबारी के कारण रोकी गई हेमकुंड साहिब की यात्रा दूसरे दिन भी शुरू नहीं हो पाई। शुक्रवार को मौसम सामान्य होने के बाद हेमकुंड साहिब के तीन किलोमीटर आस्था पथ पर जमी बर्फ को हटा लिया गया है। यहां दिनभर आस्था पथ से बर्फ हटाने का काम जारी रहा जिस कारण यात्री नहीं भेजे गए। शनिवार से तीर्थयात्रा सुचारु होने की उम्मीद है। घांघरिया में 1600 और गोविंदघाट गुरुद्वारे में करीब 600 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब जाने का इंतजार कर रहे हैं।
दो दिनों तक हेमकुंड साहिब में हुई बर्फबारी के बाद प्रशासन ने बीते बृहस्पतिवार को यात्रा रोक दी थी। हालांकि शुक्रवार को मौसम सामान्य रहा मगर बर्फ से रास्ता बंद होने के कारण यात्रा शुरू नहीं की गई। चटख धूप खिलने पर हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के 20 सेवादारों ने अटलाकुड़ी से हेमकुंड साहिब तक आस्था पथ से बर्फ हटाई। यहां जगह-जगह बर्फ के बीच से होकर रास्ता गुजर रहा है। हेमकुंड साहिब में स्नो कटर मशीन से बर्फ हटाई गई।
शुक्रवार को गोविंदघाट और घांघरिया में तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब मार्ग सुचारु होने का इंतजार करते रहे। दिनभर आस्था पथ से बर्फ हटाने का काम जारी रहा। वहीं गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि मौसम सामान्य होने पर शनिवार से तीर्थयात्रियों को हेमकुंड साहिब जाने की अनुमति दी जाएगी। अटलाकुड़ी ग्लेशियर के समीप तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की टीम तैनात है। हेमकुंड साहिब में प्रतिदिन दोपहर बाद मौसम खराब हो रहा है, जिससे तीर्थयात्रा में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।