चुनावी जनसभा को संबोधित करने देहरादून पहुंची बीजेपी सांसद और सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी की तबियत खराब हो गई।
ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. अश्वनी गर्ग ने जांच की। डॉक्टर ने हेमा को दवाइयां दी। अब उनकी हालत सामान्य है।
बीजेपी सांसद हेमा मालिनी रविवार को बीजेपी के लिए परेड ग्राउंड के पास मौजूद पुराने रायपुर बस स्टैंड में जनसभा को संबोधित करेंगी। शनिवार को भी हेमा मालिनी ने राज्य के कुमाऊं मंडल और रुड़की में जनसभा को संबोधित किया।
भाजपा ही कर सकती है विकास : हेमा
नारसन में ड्रीम गर्ल एवं मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास केवल भाजपा कर सकती है। कांग्रेस ने प्रदेश को गर्त में ले जाने का काम किया है। ड्रीम गर्ल की एक झलक पाने के लिए ग्रामीण तरसते रहे।
राजा महेंद्र प्रताप डिग्री कॉलेज के मैदान में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी ऋषिपाल बालियान की ओर से आयोजित चुनावी सभा में अपने दो मिनट के भाषण में हेमा मालिनी ने कहा कि स्वच्छता के साथ स्वस्थ रहना भी जरूरी है, क्योंकि बिना स्वस्थ के देश का विकास नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान बेहद जरूरी है। बिना महिलाओं के देश के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
दो मिनट का भाषण देने के बाद हेमा मालिनी प्रदेश में अन्य चुनावी सभाएं संबोधित करने करने के लिए निकल गईं। उन्होंने इस दौरान लोगों से पार्टी प्रत्याशी को जिताने का आह्वान किया। सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार भष्ट्राचार के रसातल में डूबी हुई है। इस दौरान प्रत्याशी ऋषिपाल बालियान, चेयरमैन कुलदीप चौधरी, कुलदीप भारद्वाज, डा. मधु सिंह, मंडलाध्यक्ष योगेश चौधरी, पवन आदि मौजूद रहे।
हेमा मालिनी के जाते ही सांसद निशंक की ओर से जनसभा को संबोधित करना शुरू किया, लेकिन हेमा के जाते ही लोग उठने शुरू हो गए। जब तक निशंक अपना पूरा भाषण दे पाए अधिकतर कुर्सियां खाली हो गईं।