ऊधमसिंह नगर में रेशम विभाग मेंसहायक निदेशक पद पर तैनात हेम चंद्र ने मिस्टर मोटिवेशनल आइकन ऑफ इंडिया का खिताब अपने नाम किया है। हल्द्वानी के पनियाली (कठघरिया) निवासी हेम चंद्र ने हरियाणा और दिल्ली में सी लॉर्ड इंटरटेनमेंट की ओर से 25 से 30 दिसंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में यह खिताब जीता।
इंडियन आइकन-2018 एक टीवी रियलिटी शो है। यह मार्च में जूम चैनल पर प्रसारित होगा। प्रतियोगिता में ऑडिशन से चुने गए देश के 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत विकासखंड के मटीला निवासी हेम चंद्र सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में प्रक्षेत्र प्रबंधक और टीडीसी उत्तराखंड में बीज उत्पादन अधिकारी भी रह चुके हैं।
अभावों में पढ़कर बढ़े आगे
हेम के अनुसार उन्होंने अभावों में रहकर पढ़ाई की है। जब वह मात्र डेढ़ वर्ष के थे उनके पिता का देहांत हो गया था। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हेम चंद्र को उनकी निरक्षर मां ने मृतक आश्रित के तौर पर मिली नौकरी से कठिन संघर्षों से पाला।
कई कीर्तिमान बनाए
हेम बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर उत्तराखंड, मिस्टर कुमाऊं, मिस्टर नैनीताल, मिस्टर हल्द्वानी और मिस्टर पंतनगर विश्वविद्यालय के खिताब जीत चुके हैं। पावर लिफ्टिंग और वेट लिफ्टिंग में हेम लगातार तीन साल तक विश्वविद्यालय के चैंपियन रह चुके हैं। वह कैरम में भी विश्वविद्यालय चैंपियन रह चुके हैं।
इन्होंने ने दी बधाई
समाज कल्याण विनोद गोस्वामी, सीडीओ उत्तरकाशी प्रशांत आर्य, निदेशक रेशम आनंद यादव, उपनिदेशक रेशम अरविंद ललोरिया, उपनिदेशक रेशम प्रदीप कुमार, जिला अर्थसंख्याधिकारी ललित कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी मोहन नगन्याल, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सोमनाल, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तेज सिंह, सहायक आयुक्त गन्ना रजनीश सिंह, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी रजनीश यशवंती, प्रमोद कुमार, राजेश गुप्ता ने उन्हें बधाई दी है।