उत्तराखंड में आचार संहिता के चलते हेलीकॉप्टर लेंडिंग की मंजूरी नहीं है। इसके बाद भी यहां पर हेलीकॉप्टर उतरा। लेकिन वह किसका हेलीकॉप्टर था और उसमें कौन लोग थे इससे प्रशासन अभी भी बेखबर है।
चिन्यालीसौड़ स्थित निर्माणाधीन हवाई अड्डे पर शुक्रवार को दोपहर बाद एक हेलीकॉप्टर उतरा, लेकिन प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हेलीकॉप्टर कुछ देर वहां रुका और फिर देहरादून की ओर रवाना हो गया।
लेकिन यह अभी तक सवाल बना हुआ है कि वह हेलीकॉप्टर चिन्यालीसौड़ अड्डे पर क्यों उतरा और उसमें बैठे लोग किस मकसद से यहां आए। निर्माणाधीन हवाई अड्डे का निर्माण कार्य देख रहे सिवा कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर घनश्याम सिंह ने बताया कि हेलीकॉप्टर कुछ देर वहां उतरा और उसमें से एक व्यक्ति ने उतरकर निर्माणाधीन हवाई अड्डे की फोटो खींची और इसके बाद हेलीकॉप्टर वहां से देहरादून की ओर रवाना हो गया।
वहीं दूसरी ओर एसडीएम डुंडा सौरभ असवाल का कहना है कि उड्डयन विभाग से एक हेलीकॉप्टर के उतरने की अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र आया था, लेकिन आचार संहिता के चलते अनमुति नहीं दी गई। इसके बावजूद हेलीकॉप्टर उतरा है तो संबंधित कंपनी को नोटिस भेजा जायेगा, लेकिन हेलीकॉप्टर किस कंपनी का है वह नहीं बता पाए।