केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवाएं पिछली बार की तुलना में इस साल सस्ती हुई हैं। शनिवार को उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूकाडा) ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर किराया की दरें निर्धारित कर दी हैं। इसमें आठ हेलीपैडों पर हेली सेवा का किराया घटा है। जबकि गुप्तकाशी के दो हेलीपैडों से केदारनाथ की हेली सेवा महंगी पड़ेगी। यूकाडा ने हेली कंपनियों को निर्धारित किराया दरों पर सेवा उपलब्ध कराने की सहमति देने के लिए 12 मई का समय दिया है। डीजीसीए की ओर से हेलीपैडों का निरीक्षण करने के बाद 14 मई से केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए सेवाएं प्रारंभ होने की उम्मीद है।
केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही हेली सेवा शुरू होने वाली है। हेली सेवाओं के टेंडर का मामला उच्च न्यायालय में जाने के कारण सरकार समय पर हेली सेवा शुरू नहीं कर पाई। अब हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद अब सरकार ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद किराये की दरें तय कर दी हैं। हेली कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से इस बार श्रद्धालुओं को सस्ती दरों पर हेली सेवा उपलब्ध होगी। केदारनाथ धाम के लिए फाटा, सेरसी के सात हेलीपैडों से किराया घटा है। जबकि गुप्तकाशी के दो हेलीपैडों से केदारनाथ धाम की हवाई दूरी अधिक होने से किराये में बढ़ोतरी हुई है। जबकि हेमकुंड साहिब के लिए घंघरिया से गोबिंद घाट हेली सेवा का किराया भी कम हुआ है।
केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए 10 कंपनियों को हेली सेवा संचालित करने काम आवंटित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर किराये की दरें भी तय कर दी गई हैं। हेली कंपनियों को निर्धारित दरों पर ही सेवा उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए कंपनियों को सहमति देने के लिए 12 मई तक समय दिया गया है। 13 मई को डीजीसीए की टीम हेलीपैडों का निरीक्षण करेगी और 14 मई से हेली सेवा को प्रारंभ किया जाएगा।
-दिलीप जावलकर, सचिव एवं सीईओ यूकाडा
किराया कम होने से श्रद्धालुओं को होगा 11 करोड़ का लाभ
हेली सेवाओं का किराया कम होने से यात्रा पूर्ण होने तक श्रद्धालुओं को करीब 11 करोड़ का सीधा लाभ मिलेगा। इस बार सरकार ने हेली सेवाओं के लिए कंपनियों की संख्या बढ़ाई है। यूकाडा को उम्मीद है कि दरें सस्ती होने से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
स्थान वर्तमान किराया दरें वर्ष 2018 में निर्धारित दरें हेलीपैड संख्या
फाटा से केदारनाथ 4798 रुपये 6700 रुपये 4
सेरसी से केदारनाथ 4940 रुपये 6350 रुपये 3
गुप्तकाशी से केदारनाथ 8550 रुपये 7300 रुपये 2
गोबिंद घाट से घंघरिया 5590 रुपये 5790 रुपये 1
नोट-किराये की दरों में आना-जाना दोनों शामिल हैं।