उधर, चिन्यालीसौड़ हवाई सेवा को भी देहरादून से मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाई। पहली उड़ान में यमुनोत्री विधायक समेत चार यात्री दून से हेलीकॉप्टर से चिन्यालीसौड़ पहुंचे, जिनका जिला प्रशासन व भाजपाइयों ने स्वागत किया।
डीएम ने बताया कि हेली सेवा शुरू होने से अब कोई भी व्यक्ति मात्र 3320 रुपये में देहरादून व चिन्यालीसौड़ के बीच का सफर कम समय में तय कर सकेगा। इस मौके पर एसपी पंकज भट्ट, एसडीएम आकाश जोशी, इंजीनियर घनश्याम सिंह, सुरेश तोमर, विमला नौटियाल, पूनम रमोला, रजनी कोटवाल, खीमानंद बिजल्वाण, शैलेंद्र कोहली, नत्थी भंडारी, राजेंद्र रांगड़, राजेंद्र पंवार, सुरेश रमोला, संगीता सेमवाल, प्रताप बिष्ट आदि मौजूद रहे।
हेलीसेवा का दैनिक निर्धारित कार्यक्रम
सहस्रधारा से गौचर- सुबह 9 और पूर्वाह्न 11 बजे
गौचर से सहस्रधारा - सुबह 10 और दोपहर 12 बजे
सहस्रधारा से चिन्यालीसौड़ - सुबह 7.30 पूर्वाह्न 11.10
चिन्यालीसौड़ से सहस्रधारा - सुबह 8.20 दोपहर 12.00 बजे
उड़ान योजना के अगले चरण में मार्च से देहरादून से हल्द्वानी और हल्द्वानी से धारचूला के लिए हेली सेवा शुरू की जाएगी। केंद्र से दोनों हेली रूट हेरिटेज एविएशन कंपनी को आवंटित हो चुके हैं।
हेरिटेज एविएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रोहित माथुर ने बताया कि उड़ान योजना के तहत हेरिटेज कंपनी को केंद्र से चार हेली रूट मंजूर हुए हैं। इसमें गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए हेली सेवा शुरू कर दी गई हैं।
मार्च तक देहरादून से हल्द्वानी और हल्द्वानी से धारचूला के लिए हेली सेवा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हेली सेवा में डीजीसीए के मानकों के अनुसार सुरक्षा का पूरा अनुपालन किया जा रहा है। गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए डबल इंजन हेलीकॉप्टर है। दोनों स्थानों पर तीन साल के लिए सब्सिडी दरों पर हेली सेवा संचालित करने के लिए केंद्र से अनुबंध हुआ है।