पहाड़ में बृहस्पतिवार से हो रही बर्फबारी के बाद से चमोली जिले के लगभग 135 गांव बर्फ से ढक गए हैं। बर्फबारी से निजमूला घाटी के पाणा, ईराणी, झींझी, पगना, गैरसैंण के दिवालीखाल, भराड़ीसैंण, पोरवाड़ी गांव के साथ ही 25 अन्य गांवों में शुक्रवार को विद्युत सप्लाई ठप हो गई।
जोशीमठ-औली, चमोली-मंडल-ऊखीमठ और घाट-रामणी मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जोशीमठ-मलारी हाईवे पर भी मलारी से आगे बर्फ जमने से सेना के वाहनों की आवाजाही थम गई है। बीते दो दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण शुक्रवार को गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे समेत जनपद के 11 मोटर मार्गों पर यातायात बाधित हो गया।
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ ही समुद्र सतह से ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। उत्तरकाशी के बडकोट में लगातार बारिश बर्फबारी के कारण यमुनोत्री हाईवे रानाचटटी से आगे और राडीटॉप में बाधित हो गया है। जिससे रवांई घाटी का जिला मुख्यालय उत्तरकाशी व गीठ पटटी के 12 गांवो का तहसील मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदान में बारिश आफत बनी हुई है। प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। इसके चलते शुक्रवार को आठ जिलों देहरादून, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी और पिथौरागढ़, नैनीताल और अल्मोड़ा के प्रशासन ने आज कक्षा 1 से 12 तक प्राईवेट और सरकारी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए थे। वहीं अब शनिवार को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, रुद्रप्रयाग और चमोली में प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
केदारनाथ में पारा -10 डिग्री
केदारनाथ में पांच फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। मंदिर परिसर समेत अन्य सभी स्थानों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ चुकी है। यहां दिनभर तापमान माइनस में रहा। धाम में अधिकतम तापमान माइनस 10 व न्यूनतम माइनस 12 डिग्री सेल्सियश दर्ज किया गया। द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ समेत पर्यटक स्थल, चोपता, दुगलबिट्टा, देवरियाताल, कालशिला बर्फ से लकदक हो चुके हैं। जनपद के 30 से अधिक गांव बर्फबारी से व्यापक प्रभावित हुए हैं।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जमकर हुई बर्फबारी के चलते कुमाऊं के सभी जिलों में शुक्रवार तड़के से शीतलहर का प्रकोप है। मौसम विभाग की ओर से अगले 24 घंटे में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी है।
अल्मोड़ा, पहाड़पानी, लोहाघाट और हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और टनकपुर में देर रात से बारिश हो रही है। बर्फबारी के चलते मुनस्यारी थल मोटर मार्ग बंद हो गया है। मुनस्यारी के ऊंचाई वाले इलाकों के साथ ही बाजार और निचले इलाकों में भी बर्फबारी जारी है।
कपकोट क्षेत्र में खाती, बाछम, लोधुरा लीती, कर्मी विनायल, कर्मी तोली, धाकुड़ी, खलीधार में बर्फबारी और ठंड के चलते आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा है।