भारी बारिश के बीच जगह-जगह मलबा आने से जौनसार बावर क्षेत्र अंतर्गत 28 संपर्क मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। 60 से अधिक गांव की आबादी का संपर्क जिला और ब्लॉक मुख्यालय से कट गया है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। सड़कों के बंद होने के कारण सब्जियों से लदे कई वाहन जगह-जगह सड़कों पर फंसे हुए हैं।
बृहस्पतिवार रात क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के कारण सड़कों पर भारी मात्रा मेें मलबा आ गया। जिससे 28 सड़कें पूरी तरह से बंद हो गई। जिससे लोगों को रोजमर्रा की वस्तुएं भी गांव तक पहुंचाने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कृषि उत्पाद को सही समय पर मंडी तक न पहुंचने से काश्तकारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सर्वाधिक परेशानी मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में हो रही है। काश्तकार सुरेंद्र चौहान, प्रेमदास देवेंद्र पंवार, बलवीर सिंह आदि का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में टमाटर, धनिया, मिर्च, राई, शिमला मिर्च जैसी नकदी फसलों का बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है। सब्जियां सही समय पर मंडी में नहीं पहुंचने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हर बार विभाग को सड़क को खोलने में कई दिन लग जाते हैं।
ये सड़कें हैं बंद
लोनिवि साहिया अंतर्गत शंभू की चौकी-दधऊ-बनसार, हईया-अलसी-सकनी, हईया-अलसी-ककाड़ी, हईया-पंजिया, ग्वासापुल-समोग-मझगांव, कोरूवा-क्वारना, बडनू-जोशीगांव ,लालपुल-निथला, पीएमजीएसवाई अंतर्गत माख्टी-पोखरी, खारसी-बाणा-चिल्हाड़, कैलन-डिमिच, कुनैन, परियाड़-सिमोग, लेल्टा-मंडोली, हयो टगरी, कांडा-टियूटाड़, अटाल-सैंज, पुरटाड़, सावड़ा, डुंगरी, लोखंडी-लोहारी, लोनिवि चकराता अंतर्गत चकराता-लाखामंडल, पुरोड़ी-रावना, गौराघाटी-लावड़ी, रिखाड़, डुगिंयारा, दारागाड़-कथियान, अणु-चिल्हाड़ संपर्क पर यातायात ठप पड़ा हुआ है।
14 घंटे बंद रहा हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग
साहिया। भारी बारिश के बीच हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर इच्छाड़ी के पास बृहस्पतिवार देर रात 11 बजे भारी मात्रा में मलबा आ गया। जिससे उक्त सड़क पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह से ठप हो गई। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 40 से अधिक गांव की आबादी का संपर्क विकासनगर से कट गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहर एक बजे जेसीबी से मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल हो सका।