राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से सभी जिलाधिकारियों को आपदा-दुर्घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन, सड़क बंद होने या किसी भी दुर्घटना की स्थिति में लोक निर्माण विभाग, एनएच, एडीबी, बीआरओ, सीपीडब्ल्यूडी,पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को तुरंत सड़क खोलने को कहा गया है। इस दौरान किसी भी अधिकारी को कार्यालय न छोड़ने और मोबाइल खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए विशेष गाइडलाइन जारी की है। पर्वतीय क्षेत्रों में रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक इमरजेंसी के अलावा अन्य कोई वाहन नहीं चलेंगे। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर रोक और विद्यालयों में अतिरिक्त सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नदियों, सहायक नदियों, मौसमी नालों के जलस्तर पर नियमित निगरानी रखने और खतरे की जद में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी खासी बारिश होगी। कुमाऊं में भारी बारिश को देखते हुए कैलास मानसरोवर यात्रियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
-बिक्रम सिंह, प्रभारी, मौसम केंद्र देहरादून