माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। राजधानी दून और आसपास के इलाकों में शनिवार शाम हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से खासी राहत मिली। करीब एक घंटे तक ज्यादातर इलाकों में तेज बौछारें पड़ी। मौसम विभाग ने आज भी अधिकांश क्षेत्रों में प्री मानसून बारिश होने का अनुमान जताया है। शनिवार को सुबह से ही राजधानी के ज्यादातर क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही। दोपहर तक तापमान बढ़कर 35 डिग्री के आसपास पहुंच गया। इससे गर्मी और उमस काफी अधिक बढ़ गई। हालांकि दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और आसमान बादलों से घिर गया। कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। बिजली की गरज और चमक के साथ तेज बौछारें पड़ी। इस दौरान तेज हवा भी चलती रही। करीब एक घंटे तक ज्यादातर इलाकों में तेज बारिश की बौछारें पड़ती रही। इसके बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव हुआ और हल्की धूप निकल आई। हालांकि कुछ जगह धूप के साथ रिमझिम बारिश भी होती रही। मौसम विभाग के अनुसार दून में एक घंटे में 7.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, मौसम विभाग ने आज भी राजधानी के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाये रहने का अनुमान जताया है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। -- 4 जिलों में भारी बारिश की आशंका देहरादून। मौसम विभाग के अनुसार कुमाऊं क्षेत्र में आज कई जगह भारी बारिश हो सकती है। विशेषकर नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में तेज बौछार के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। कुमाऊं के ही कई क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते हैं और आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। इसके अलावा पौड़ी, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। -- तापमान अधिकतम 34 न्यूनतम 22