उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के सात जिलों में तेज बारिश के आसार जताए हैं।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी फिलहाल बारिश से राहत के कोई संकेत नहीं हैं।
प्रदेशभर में मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। कई जगहों पर तेज बारिश हुई तो कुछ जगहों पर बूंदाबांदी ने गर्मी से राहत दी।
मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल व पिथौरागढ़ में भारी बारिश हो सकती है।
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और श्री हेमकुंड साहिब में फिलहाल बारिश से राहत के कोई आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक चारधाम यात्रा मार्गों पर बारिश जारी रहेगी।