उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी किया है। साथ ही पांच जिलों में विशेष रूप से अहतियात बरतने की एडवाइजरी जारी है।
रविवार को गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ-कुछ स्थानों में भारी बारिश होगी। जबकि 31 जुलाई से दो अगस्त तक पांच जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को गढ़वाल के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। कुमाऊं में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं सोमवार से बुधवार तक देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
भारी बारिश रिकॉर्ड की गई
दूसरी ओर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। धारचूला में 110 मिमी, श्रीनगर व मुनस्यारी में 70, उखीमठ व कर्णप्रयाग में 60, चौखुटिया में 50, जखोली, मसूरी, रुद्रप्रयाग, गैरसैण, घनसाली, कीर्तिनगर, कपकोट, टिहरी, पुरोला व देवप्रयाग में 30 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
एक जून से शुरू मानसून सीजन में अब तक राजधानी दून में 9425 मिमी, नई टिहरी में 4560 मिमी, मुक्तेश्वर में 5450 मिमी और पंतनगर में 5010 मिमी बारिश हुई है।
तापमान-
अधिकतम-32.7
न्यूनतम-23.8
सूर्योदय- सुबह 05.35 बजे
सूर्यास्त- शाम 07.13 बजे