उत्तराखंड में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बाद सोमवार को हालांकि कुछ जिलों में राहत मिलेगी। लेकिन दो जिलों पर खतरा अभी भी बरकरार है। मौसम विभाग ने 24 घंटे भारी बारिश का अर्लट जारी किया है।
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आज से बारिश से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार चमोली और नैनीताल के ज्यादातर इलाकों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर मौसम में सुधार होगा। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार, अगले 24 घंटे चमोली और नैनीताल के ज्यादातर इलाकों में बारिश होगी। अन्य स्थानों पर मौसम सामान्य बना रहेगा। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश भी थमने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान हरिद्वार में सबसे अधिक 150 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं मुक्तेश्वर में 110, जखोली, चौखुटिया, हल्द्वानी में 100, रुड़की, गैरसैण, द्वाराहाट में 90, टिहरी, जौलीग्रांट, श्रीनगर में 80, देवप्रयाग में 70, देहरादून, रानीखेत, गरुड, लक्सर, ऊखीमठ, कीर्तिनगर में 60, बागेश्वर, घनसाली, त्यूणी, कर्णप्रयाग, पौड़ी में 50, कोटद्वार, मसूरी, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग में 40 और उत्तरकाशी, डुंडा, कपकोट, लैंसडाउन व मुनस्यारी में 30 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को ज्यादातर स्थानों पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना बेहद कम है। केवल दो जिलों के कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।