मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा मार्गों पर आगामी चार दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा चार जिलों में सोमवार को भारी से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।
उत्तराखंड में शनिवार के मुकाबले रविवार को बारिश से राहत रही, हालांकि उच्च पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में 10, 11, 12 और 13 अगस्त को कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
लिहाजा यहां जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों में अपेक्षाकृत भारी बारिश होने के आसार हैं। साथ ही प्रदेश के अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
छाए रहेंगे बादल, हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को दोपहर के वक्त शहर के कई इलाकों में करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद मौसम खुल गया। सोमवार को भी बादल छाये रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।