चकराता। राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर पांच साल तक के बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। अभियान की तैयारियों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा अधीक्षक ने बैठक भी की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता व एएनएम 15 से 21 नवंबर के बीच घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य उन बच्चों की पहचान करना है जिन्हें सांस लेने में कठिनाई, दूध पीने में परेशानी, सुस्ती, बेहोशी, खांसी आदि समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा जीवन की अच्छी शुरुआत का हकदार है। सभी लोगों को अपने बच्चों के स्वास्थ्य के मामले में गंभीर रहना चाहिए और समय पर उनका टीकाकरण कराना चाहिए। बैठक में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अश्विनी कुमार, ब्लॉक समन्वयक महावीर सिंह राणा समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद