मीरपुर गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य उप केंद्र के शुरू किए जाने से क्षेत्र की ग्रामीण जनता को प्राथमिक स्वास्थ्य लाभ मिलना शुरू हो गया है। फिलहाल यहां पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करने की सुविधा है।
गौरतलब है कि वर्षों पूर्व मीरपुर में भाजपा सरकार में विदेश मंत्री रही सुषमा स्वराज ने अपनी निधि से ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए एक प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कराया था। मगर वर्तमान में वह मात्र शोपीस बनकर रह गया था। इसे शुरू करने के लिए ग्रामीणों ने अनेक बार प्रयास किये थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सरोज नैथानी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों की कमी होने के कारण स्वास्थ्य उप केंद्र को शुरू नहीं किया जा सका था। अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद के प्रभारी चिकित्सक हेमंत आर्य के अथक प्रयासों से मीरपुर के स्वास्थ्य उपकेंद्र को शुरू कर दिया गया है। फिलहाल यहां एक ही स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जल्दी ही स्वास्थ्य उप केंद्र को सभी सुविधाओं से युक्त कर दिया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद के प्रभारी चिकित्सक हेमंत आर्य ने बताया कि फिलहाल उपकेंद्र पर बच्चों का टीकाकरण, गर्भवती माताओं के टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। ऐसे में गर्भवती महिलाआें को इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा।