प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत बन रहे अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन की तारीख केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पूछी है। मंत्रालय से पत्र आने के बाद अधिकारियों के हाथपांव फूले हुए हैं क्योंकि शुक्रवार (आज) शाम चार बजे तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को विवरण भेजना है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनु सचिव अमित बिश्वास की ओर से तीन अक्तूबर को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र जारी किया गया है। 20 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के प्रमुख सचिवों को लिखे पत्र में वस्तु स्थिति के बारे में पूछा है।
प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट को दिसंबर 2018 तक पूरा होने के साथ शुभारंभ होना है। पत्र में कहा गया है कि कुछ राज्यों ने उद्घाटन की तिथि का उल्लेख नहीं किया है। जबकि कुछ राज्यों ने किसी भी तरह की कोई सूचना अभी नहीं दी है। उद्घाटन की संभावित तिथि के साथ एक्शन प्लान देने को कहा गया है।
अभी अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का काम पूरा नहीं हुआ है। वास्तविक सूचना केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजी जाएगी। उच्चाधिकारियों से तय कर उद्घाटन की संभावित तारीख भी भेजी जाएगी।
-
डॉ. आशुतोष स्याना, निदेशक, चिकित्सा-शिक्षा
केंद्र ने दी पूरी धनराशि, राज्य ने अपना हिस्सा अटकाया
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का काम तय समय सीमा में पूरा नहीं हो सका है। बजट के अभाव में काम रुका हुआ है। काम पूरा न होने पर प्राचार्य ने यूपी राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों का जवाब-तलब किया है। अल्मोड़ा मेडिकल का कुल प्रोजेक्ट 327 करोड़ रुपये का है। इसमें केंद्र सरकार ने 170 करोड़ रुपये दिए हैं। अभी तक 216 करोड़ 77 लाख रुपये मिल चुके हैं। प्राचार्य डॉ. आरजी नौटियाल ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अभी 60 करोड़ रुपये मिलने हैं। धनराशि स्वीकृत का प्रस्ताव फाइलों में चल रहा है और जल्द ही धनराशि मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि तय समय सीमा में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम काम पूरा नहीं कर पाया है। निगम के अधिकारियों का जवाब-तलब किया गया है। पूछा गया है कि काम समय पर पूरा न होने के पीछे क्या वजह है।