Iजेल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय नेल्सन मंडेला दिवस
I
Iदेहरादून जेल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय नेल्सन मंडेला दिवस मनाया गया, जहां बंदियों को नेल्सन मंडेला के जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी गई। बंदियों के लिए एक चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जहां उनकी जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गई। कैदियों को कानूनी परामर्श दिया गया। देहरादून जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कार्यक्रम की अगुवाई की। उनके साथ डिप्टी लीगल एंड डिफेंस काउंसिल शमीम काशिफ और असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल नीतीश, जेलर पवन कोठारी और डिप्टी जेलर भी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से बात की और उन्हें कानूनी परामर्श दिया। इस दौरान नेल्सन मंडेला के जेल में बिताए गए 27 साल और उनकी ओर से किए गए सुधारों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बंदियों को सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कहा कि उनका अतीत चाहे जैसा रहा हो, भविष्य अभी भी उनके हाथों में है। उन्हें बताया गया कि जेल में चलाए जा रहे शैक्षणिक कार्यक्रम, कौशल विकास प्रशिक्षण, मानसिक विकास और योग सत्रों के माध्यम से वे खुद में सुधार लाकर समाज में अपनी एक नई और सकारात्मक पहचान बना सकते हैं। बंदियों को उनके विभिन्न कानूनी अधिकारों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दी जाने वाली सहायता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।I